ग्वालियर में आयोजित 62वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में प्रदेश के स्कूलों में अध्ययनरत बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। जीते गए पदकों में दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक प्रदेश के नाम हुए हैं।
स्कूल की छात्र-छात्राओं की अंडर-17 बॉक्सिंग प्रतियोगिता 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित की गई। इसमें छात्राओं में 46 किलोग्राम भार वर्ग में किन्नौर की दीपिका ने मणिपुर को हराकर स्वर्ण पदक जीता। छात्रों में 52 किलोग्राम भार वर्ग में किन्नौर के आशीष नेगी ने मध्य प्रदेश को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
44 किलोग्राम भार वर्ग में भी किन्नौर की सुजाता ने रजत पदक जीता। बिलासपुर के रोहित ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में और परमेश ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की। शिमला की महिमा ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक प्रदेश की झोली में डालकर बेहतर प्रदर्शन किया।
छात्र वर्ग के कोच मान सिंह, मैनेजर सुरेश चौधरी, छात्रा वर्ग की कोच चरनजीत और मैनेजर रेनुबाला तथा बिमला वर्मा ने खिलाड़ियों की जीत पर खुशी का इजहार किया और खिलाड़ियों तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी।