हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला ने शिक्षा सत्र 2023-24 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। केंद्र निदेशक प्रो. डीपी वर्मा ने बताया कि रीजनल सेंटर में प्रवेश पाने के लिए विद्यार्थी 26 जुलाई शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं। संस्कृत, हिन्दी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास तथा लोक प्रशासन विषयों में एमए और एम कॉम, एमएससी गणित, एमबीए, एमसीए और एलएलबी में प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही दाखिला मिलेगा। जिन छात्रों ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया था तथा संबंधित विषय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है, वे विद्यार्थी उपरोक्त विषयों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रो. डीपी वर्मा ने बताया कि सभी विषयों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की वेबसाइट और रीजनल सेंटर धर्मशाला की वेबसाइट से विवरणिका और प्रवेश प्रपत्र (प्रवेश फार्म) डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्भी प्रवेश परीक्षा में अर्जित अंक सहित प्रवेश प्रपत्र 26 जुलाई शाम पांच बजे तक क्षेत्रीय केंद्र मोहली खनियारा धर्मशाला के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
इनमें मेरिट जरूरी
वहीं सत्र 2023-24 में एमएससी भू-गर्भ शास्त्र (जियोलॉजी) और पीजीडीसीए में प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। उन्होंने बताया कि इन विषयों में प्रवेश परीक्षा नहीं होने के कारण, इनमें पूर्व कक्षाओं में प्राप्त अंक के आधार पर ही मेरिट बनेगी। इन विषयों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन 26 जुलाई शाम पांच बजे तक रीजनल सेंटर में जमा करवा सकते हैं।