फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिशन रिपीट के लिए पंच परमेश्वरों की मदद लेगी हिमाचल भाजपा, बैठक में हुई चर्चा

Wed, 30 Jun 2021 09:02 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

बुधवार को हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सेमी वर्चुअल बैठक में मिशन रिपीट के रोडमैप पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्रियों को फील्ड में उतरने के लिए देरी न करने के निर्देश दिए गए। उपचुनाव पर भी चर्चा हुई, मगर संभावित प्रत्याशियों पर बात नहीं हो पाई।  
विज्ञापन
शिमला में भाजपा की बैठक हुई। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मिशन रिपीट के लिए हिमाचल प्रदेश भाजपा पंच परमेश्वरों की मदद लेगी। पार्टी की विचारधारा से जुडे़ प्रधानों को चिह्नत किया जाएगा। जो भाजपा से नहीं जुडे़ हैं, उन्हें जोड़ने का अभियान चलाएगी। दिसंबर 2021 में सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरा होने पर महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बुधवार को हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सेमी वर्चुअल बैठक में मिशन रिपीट के रोडमैप पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्रियों को फील्ड में उतरने के लिए देरी न करने के निर्देश दिए गए।

विज्ञापन


उपचुनाव पर भी चर्चा हुई, मगर संभावित प्रत्याशियों पर बात नहीं हो पाई।   बुधवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय दीपकमल से शुरू हुई पार्टी की सेमी वर्चुअल बैठक में तय किया गया कि सभी पंचों से संपर्क किया जाए। भाजपा की विचारधारा से जुडे़ पंचायतीराज प्रतिनिधियों से बात की जाए। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में प्रत्याशी रहे भाजपा विचारधारा के लोगों को भी चिह्नित किया जाए। बैठक प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में हुई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेमकुमार धूमल वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में कोरोना काल में उत्तम कार्य किया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि सरकार और संगठन हर चुनौती का सामना करेंगे। अच्छा प्रदर्शन कर तीनों उपचुनाव जीतेंगे। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने प्रस्तुत किया। इसका अनुमोदन प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर एवं प्रदेश सचिव विशाल चौहान ने किया। बैठक में प्रदेश और जिलों के पदाधिकारी मौजूद हुए। इसमें कुल 469 लोग जुडे़। 
विज्ञापन


लोकगायक करनैल राणा ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता 
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान विधानसभा ज्वालामुखी से संबंध रखने वाले लोकप्रिय गायक करनैल राणा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्हें सदस्यता वन मंत्री राकेश पठानिया ने दिलाई। 

कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं : जयराम 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी केवल सत्ता सुख पाने का लक्ष्य रखते हैं। उनका विकास कार्यों से कोई नाता नहीं है। कांग्रेस के झूठ का सामना वे सब डटकर करेंगे और कांग्रेस को सब जवाब देंगे। कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कोई भी मुद्दा नहीं है। हमारे कार्यकर्ता छाती तानकर चल सकते हैं, सिर झुकाकर नहीं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें