प्रदेश भाजपा सरकार के मिशन रिपीट का खाका पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुुमार धूमल के गृह जिला हमीरपुर में तैयार होगा। करीब 11 साल के बाद हमीरपुर में भाजपा प्रदेश कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है। इसमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जवाबी हमलों को लेकर भी रूपरेखा तैयार होगी।
इन बैठकों की तैयारियों को लेकर प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जंवाल, संगठन मंत्री पवन राणा, जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, हमीरपुर जिला प्रभारी अजय राणा और प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारी हमीरपुर में डेरा डाले हुए हैं। बिलासपुर की सीमा उखली और कांगड़ा की सीमा नादौन से लेकर हमीरपुर तक जगह-जगह बैनर और पार्टी के झंडे लगाए जा रहे हैं।
6 जून को दोपहर 1:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक हमीरपुर के परिधिगृह में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत 50 पदाधिकारी भाग लेंगे। इसके बाद शाम 7:00 बजे कोर कमेटी की बैठक शुरू होगी।
कोर कमेटी में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश महासचिव, संगठन मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार समेत 14 वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहेंगे। सात जून को सुबह 9:00 बजे बड़ू राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय के समीप एक निजी होटल में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी।