शिमला-हमीरपुर नेशनल हाइवे 103 पर सौग (डंगार) में निजी बस की चपेट में आने से सेवानिवृत शिक्षक की मौत हो गई है। हादसे में मृतक का सिर बुरी तरह कुचला गया था। जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से बस चालक बस को कुछ दूरी पर छोड़ कर फरार हो गया था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए घुमारवीं अस्पताल भेज चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार सौग गांव के सेवानिवृत शिक्षक अमरनाथ (65) रोजाना की तरह सुबह एक निजी बस से दूध लाते थे। वीरवार सुबह भी करीब सात बजे वह रोजाना की तरह दूध लेने के लिए घर से बाहर निकले हुए थे।
दूध लेकर जैसे ही वह सड़क पार करने लगे कि वह विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य निजी बस की चपेट में आ गए। हादसा मृतक के घर के बिल्कुल बाहर पेश आया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर पुलिस को सूचना दी। मृतक के बेटे अशोक ने पुलिस को बताया कि एक निजी बस तेज रफ्तार से गई है। बस चालक सेवानिवृत्त शिक्षक को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।
मृतक के बेटे के बयान पर पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर कुछ सबूत जुटाए हैं। घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखरा हुआ था। डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपा गया है। घटना स्थल से कुछ दूरी पर निजी बस को भी कब्जे में ले लिया है।
घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर मिली बस
मृतक के बेटे अशोक कुमार के मुताबिक सुबह के करीब 7 बजे हुए इस दर्दनाक हादसे के एकदम बाद निजी बस चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क के किनारे निजी बस खड़ी है।
पुलिस ने उक्त बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से वाहन के कुछ टूटे टुकड़े कब्जे में लिए हैं। कब्जे में ली गई बस व मौके से बरामद टुकड़ों को जांचा जा रहा है। बताया जा रहा है कि कब्जे में ली गई निजी बस के टायर के साथ खून के छींटे भी लगे हुए थे।