दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बिलासपुर पहुंचने पर सीएम जयराम ठाकुर ने स्वागत किया। अपने घर विजयपुर रवाना होने से पूर्व नड्डा ने घुमाणी चौक पर अचानक काफिला रुकवा लिया और दोस्तों संग चाय की चुस्की ली। नड्डा व सीएम जयराम ठाकुर बिलासपुर के लुहणू ग्राउंड से परिधि गृह रवाना हुए। वहां से वे विजयपुर रवाना हो गए।
रास्ते में घुमाणी चौक पर अपने दोस्त की चाय की दुकान पर रुककर चाय बनाने के लिए कहा। इस दौरान अन्य साथियों के साथ उन्होंने यादें साझा करते हुए चाय की चुस्कियां लीं। साथियों को नाम से पुकारकर उनका कुशलक्षेम जाना। नड्डा ने कहा कि अरसे बाद अपने साथियों के साथ चाय पीने का उन्हें मौका मिला है। इस मुलाकात से वह काफी खुश हैं।
सुबह 10:10 बजे मनाली के सासे में उतरेंगे नड्डा
नड्डा रविवार को सुबह 9:10 बजे बिलासुपर से उड़ान भरेंगे और 10:10 बजे वह मनाली स्थित सेना के हेलीपैड सासे में उतरेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से अटल टनल रोहतांग जाएंगे। उनका काफिला लाहौल के सिस्सू हेलीपैड तक जाएगा, जहां तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारंकडा द्वारा स्वागत किया जाएगा।
11:25 बजे सिस्सू से उनका हेलीकाप्टर भुंतर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगा और दोपहर 12:00 बजे वह कुल्लू पहुंचेंगे। यहां मंडी संसदीय क्षेत्र की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह शास्त्री नगर में बुआ का आशीर्वाद लेंगे। उनका रात्रि ठहराव भी यहीं होगा। छह जुलाई सुबह वह पिरड़ी में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर पौधरोपण करेंगे।
सीएम जयराम समेत भाजपा नेताओं ने कुल्लू में डाला डेरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत भाजपा के नेताओं ने कुल्लू में डेरा डाल दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तीन दिवसीय दौरे को लेकर रविवार को तय समय से करीब 45 मिनट पहले ही कुल्लू पहुंच गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी रविवार को बैठक स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
उनके साथ शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने शास्त्री नगर स्थित नड्डा के घर का दौरा भी किया। इस घर में नड्डा की 103 साल की बुआ रहती हैं। इस मौके पर संगठन मंत्री पवन राणा, शिशु धर्मा, सुरेश शर्मा, भीमसेन शर्मा और अमित सूद मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि नड्डा सोमवार दोपहर बाद देव सदन कुल्लू में मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी टिप्स देंगे।
उनके दौरे को लेकर ढालपुर भगवा रंग में रंग गया है। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। छह जुलाई को भारतीय जनसंघ के संस्थापक स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती को भी पिरड़ी बूथ में मनाया जाएगा। इस दौरान नड्डा पौधरोपण करेंगे।