फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन दिन में छात्रवृत्ति घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपेगी सरकार

Sat, 15 Dec 2018 01:51 PM IST
ashok chauhan ashok chauhan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तपोवन धर्मशाला
विज्ञापन
विज्ञापन

ढाई सौ करोड़ रुपये के छात्रवृत्ति घोटाले की पुलिस जांच रिपोर्ट प्रदेश सरकार तीन दिन में सीबीआई को सौंपेगी। विधानसभा के शीत सत्र के आखिरी दिन शनिवार को विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक जगत सिंह नेगी के उठाए इस मुद्दे के जवाब में यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी।

विज्ञापन


घोटाले की कछुआ चाल से चल रही जांच पर शनिवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने अमर उजाला में छपी खबर का उल्लेख कर जहां सुस्त जांच पर सरकार को घेरा। हालांकि शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष दस मिनट के लिए सदन से वाकआउट कर गया।

चर्चा के दौरान विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार की जांच को लेकर गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सचिवालय के ठीक सामने स्थित छोटा शिमला थाने से मामले में दर्ज एफआईआर की एक कॉपी पहुंचने में एक महीना लग गया।
विज्ञापन


सरकार मामले की जांच कराने से कतरा रही है। सरकार की उदासीनता की वजह से ही जनजातीय बच्चों को छात्रवृत्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार जांच के लिए एसआईटी गठित करे और बच्चों को छात्रवृत्ति दिलाना सुनिश्चित करे। 

असंतुष्ट कांग्रेस विधायक सदन से बाहर गए

जवाब में शिक्षा सुरेश भारद्वाज ने बताया कि जनवरी में जनजातीय विकास मंत्री के माध्यम से छात्रवृत्ति में गड़बड़ी की जानकारी मिली। शिक्षा विभाग ने विभागीय जांच कराई।

मामले में कई बैंक, दूसरे राज्यों में स्थापित शैक्षणिक संस्थान और लोग शामिल थे, ऐसे में घोटाले की पुष्टि के बाद मंत्रिमंडल की मंजूरी लेकर सीबीआई जांच की सिफारिश 4 सितंबर को केंद्रीय कार्मिक विभाग के जरिये गृह मंत्रालय को भेजी। 16 नवंबर को छोटा शिमला थाने में मामला दर्ज कराया।

तब से अब तक शिमला पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिक्षा मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायक सदन से बाहर चले गए। दस मिनट बाद लौटने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पुलिस तीन दिन में जांच पूरी कर लेगी। इसके बाद रिपोर्ट सीबीआई को भेज दी जाएगी। 
 
विज्ञापन

सलाखों के पीछे होंगे घोटालेबाज : भारद्वाज 

छात्रवृत्ति घोटाले की जांच में सरकार के सुस्त रवैये पर नेगी के सवाल उठाने पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार घोटालेबाजों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने तक शांत नहीं बैठेगी। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के पूछने पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि जांच में कई संस्थानों के नाम सामने आए हैं, जिनमें हिमालयन टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट और आईटीएफटी प्रमुख हैं। 

नीरव-चौकसी की तरह भाग जाएंगे आरोपी 
नेगी ने कहा कि सरकार जिस तरह मामले की जांच में देरी कर रही है, उससे लग रहा है जैसे सरकार हजारों करोड़ लेकर भागने वाले नीरव-चौकसी की तरह छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपियों के भी भागने का इंतजार कर रही है। शिक्षा मंत्री ने पलटवार करते कहा कि यह घोटाला भी पिछली सरकार के दौरान हुआ और नीरव-चौकसी वाला भी। मोदी और सूबे की जयराम सरकार ने तो इन घोटालों का पर्दाफाश किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें