लाहौल में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन।
- फोटो : संवाद
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी जमीन स्तर पर काम करेगी। आम लोगों में से विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर काम करेंगे। जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के दौरे पर पहुंचे आप के हिमाचल प्रभारी सत्येंद्र जैन ने कहा कि पंजाब में जीत का परचम लहराने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने हिमाचल में भी सरकार बनाएगी। 2022 के विस चुनावों में आप राज्य की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने सोमवार को लाहौल के सिस्सू में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए एलपीएस के चेयरमैन सुदर्शन जस्पा ने सिस्सू पहुंचने पर जैन का स्वागत किया। जस्पा ने कहा कि लाहौल घाटी में आम आदमी पार्टी को लेकर लोगों में उत्साह है। भाजपा और कांग्रेस ने हिमाचल की दुर्दशा की है। अब आम आदमी के हाथ में सत्ता संभालने का वक्त आ गया है। मंडी में छह अप्रैल को होने वाली दिल्ली के सीएम केजरीवाल के रोड शो में लाहौल-स्पीति से भी सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस मौके पर पंचायत के पूर्व प्रधान सरोज ठाकुर, जाहलमा पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेंद्र कुमार, सुभाष ठाकुर और रोपसंग के हिमाल आदि उपस्थित रहे।
बसें भेजने के लिए आप के पास पैसा नहीं, अपने खर्च पर पहुंचें कार्यकर्ता
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान के मंडी के होने वाले रोड शो में भीड़ जुटाने के लिए बसों में लोग नहीं लाए जाएंगे। कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को अपनी गाड़ियों या लिफ्ट लेकर समारोह में पहुंचाना पड़ेगा। बजट की कमी के चलते बसों में लोगों को लाने का फैसला टाल दिया गया है। जरूरत पड़ने पर जिला मंडी और हमीरपुर जिलों से कुछेक बसें चलाई जा सकती हैं। छह अप्रैल को मंडी में आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान का रोड शो है। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अनूप केसरी ने बताया कि रोड शो में 20 हजार से ज्यादा लोगों के आने की संभावना है।
जिला मंडी और हमीरपुर साथ-साथ हैं। ऐसे में यहां से लोगों को रैली में लाने के लिए बसें भेजी जा सकती हैं। अन्य जिलों से अगर बसें चलाई जाती हैं तो पार्टी का लाखों में खर्चा होगा। कार्यकर्ता अपनी जेब से पैसा खर्च कर टेंपो ट्रैवलर और सूमो गाड़ी कर लोगों को अपने साथ लेकर आ रहे हैं। रोड शो के दौरान वाहनों को खड़ा करने की भी समस्या है। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एसएस जोगटा ने बताया कि जिला शिमला, सोलन से करीब 5 हजार लोग रोड शो में भाग लेंगे। पार्टी के लोग गांव-गांव जाकर लोगों को रोड शो में आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सभी लोग अपनी गाड़ियों में आएंगे।