विधानसभा चुनाव निष्पक्ष तरीके से करवाने के लिए जिला हमीरपुर में कई अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। चुनाव आयोग के आदेश पर अब तक उपायुक्त और अतिरिक्त उपायुक्त से लेकर एक दर्जन से अधिक अधिकारियों को बदला गया है।
अब तहसीलदार निर्वाचन का भी तबादला कर दिया गया है। ऐसे में अब विधानसभा चुनाव नए अधिकारियों की देखरेख में ही होंगे। इनमें से कुछ अधिकारियों को एक से डेढ़ वर्ष का समय ही हुआ है। कम समय में अधिकारियों के तबादले के पीछे चुनाव आयोग ने भोरंज विस क्षेत्र में हुए उपचुनाव का तर्क दिया है।
चुनाव आयोग की शर्तों के अनुसार जिस अधिकारी की देखरेख में पूर्व में कोई चुनाव होता है तो वह दूसरा चुनाव करवाने के लिए पात्र नहीं है। ऐसे में भोरंज उपचुनाव करवाने वाले जिले के तमाम अधिकारियों को बदल दिया गया है।
तहसीलदार निर्वाचन, एएसपी हेडक्वार्टर और डीएसपी विजिलेंस ने अभी तक पदभार ग्रहण नहीं किया है। अन्य अधिकारियों ने पदभार संभाल लिया है। विस चुनाव से पहले अन्य अधिकारियों के भी तबादले हो सकते हैं।
इन अफसरों का हो चुका है तबादला
उपायुक्त मदन चौहान, अतिरिक्त उपायुक्त रूपाली ठाकुर, एसपी अजय बौद्ध, एडिशनल एसपी डॉ. शिव कुमार, एडिशनल एसपी विजिलेंस बलवीर ठाकुर, डीएसपी लालमन शर्मा, एसडीएम भोरंज एसके पराशर, बीडीओ भोरंज पंकज शर्मा, बीडीओ हमीरपुर अस्मिता ठाकुर, तहसीलदार राजीव ठाकुर, तहसीलदार भोरंज संजय कुमार, तहसीलदार निर्वाचन उपेंद्र शुक्ला और एसएचओ हमीरपुर कुलदीप कुमार का तबादला हो चुका है।
ये अधिकारी कर चुके हैं ज्वाइन
उपायुक्त संदीप कदम, एडीएम रतन गौतम, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, एसडीएम भोरंज नरेंद्र चंदेल, बीडीओ भोरंज कीर्ति चंदेल, बीडीओ हमीरपुर रेखा कुमारी, डीएसपी हमीरपुर रेणु शर्मा, एसएचओ हमीरपुर सोहन सिंह पदभार संभाल चुके हैं। विजिलेंस के डीएसपी गोपाल चंद, एडिशनल एसपी हमीरपुर राजेश कुमार, तहसीलदार निर्वाचन ने अभी ज्वाइन नहीं किया है।