प्रेम कुमार धूमल के चुनाव हारने के बाद भाजपा के एक दिग्गज नेता का नाम सीएम उम्मीदवार पद के लिए उछला है। सूत्रों की माने तो बात दिल्ली तक पहुंच गई है। इस दिग्गज नेता की जीत के साथ ही समर्थकों ने सीएम बनने के नारे भी लगा दिए है।
छात्र राजनीति के बाद संगठन और पार्टी में तालमेल रखते हुए सिराज विस क्षेत्र से पांचवीं बार भाजपा का जीत का परचम लहराने वाले पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जयराम ठाकुर का नाम सीएम के दावेदारों की चर्चा में खूब उछल रहा है।
खासकर सीएम पद के लिए घोषित प्रेम कुमार धूमल के चुनाव हारने के बाद समर्थक जयराम को सीएम की ताजपोशी के लिए सशक्त उम्मीदवार मान रहे हैं। लंबाथाच कॉलेज में जयराम की जीत के साथ सीएम बनने के नारे भी जोर शोर से गूंजे।
राजनीतिज्ञों समेत समर्थकों में ये चर्चा
राजनीतिज्ञों समेत समर्थकों में चर्चा है कि यदि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को सीएम बनाया जाता है तो भाजपा में धूमल और नड्डा गुट की खेमेबाजी लोकसभा चुनावों में पार्टी के लिए घातक साबित हो सकती है।
पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल को हमीरपुर के बजाय सुजानपुर से चुनाव लड़ाने पर भीतरी सरगर्मियां तेज रही हैं। पार्टी को यह भी डर है कि नड्डा को सीएम बनाने के बाद डैमेज का सामना भी करना पड़ सकता है।
लिहाजा आलाकमान बैलेंस बनाते हुए जेपी नड्डा की ताजपोशी के बजाय किसी दूसरे नाम पर विचार कर सकती है। दूसरी तरफ मंडी जिले में सुखराम परिवार को कांग्रेस से अलग करके कांग्रेस को चारों खाने चित करने में भी जयराम का हाथ अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी नामांकन के दिन सिराज में आयोजित जनसभा में जयराम ठाकुर को बड़ी जिम्मेदारी देने की बात कर चुके हैं।
पूरे प्रदेश में बिगड़ी व्यवस्था सुधरेगी
कांग्रेस मुक्त करने का पीएम मोदी का सपना पूरा : रामस्वरूप
सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि छोटी काशी मंडी को कांग्रेस मुक्त करने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना पूरा हुआ है। मंडी में नौ सीटें और मंडी संसदीय क्षेत्र में 17 में से 14 सीटें जीतकर पूरे प्रदेश में अव्वल स्थान हासिल किया है। सीएम पद का बड़ा फैसला एक दो दिनों में हो सकता है। संसदीय बोर्ड में यह फैसला होगा।
जयराम ठाकुर ने जीत के बाद कहा कि सबसे पहले काम प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को सुधारना होगा। उन्होंने जीत के लिए सिराज की जनता का आभार जताया है। साथ ही कहा कि आलाकमान जो निर्णय करेगा, वह उसे मानेंगे।