हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों के लिए 9 नवंबर को हुए मतदान के नतीजे सोमवार को आएंगे। चुनाव आयोग ने मतगणना की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना के सभी 48 केंद्रों पर कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित कर ली गई है।
वहीं, सत्तारूढ़ कांग्रेस के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिमला में रहकर मतगणना की पल-पल की जानकारी लेंगे। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल अवाहदेवी में अपनी कुल देवी के मंदिर में माथा टेकने के बाद हमीरपुर के सर्किट हाउस में रहकर नतीजों की जानकारी लेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने बताया कि सभी मतगणना स्थलों पर रिहर्सल कर ली गई है।
खिली धूप में आएंगे नतीजे, 22 तक मौसम साफ
सोमवार को मतगणना के दिन प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने दो दिन शीतलहर के बाद सोमवार से मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।
वहीं, शनिवार को प्रदेश के निचले इलाकों में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा कल्पा में -3.0, धर्मशाला मेें 5.6, ऊना में 4.7, नाहन में 7.8, सोलन में 1.7, कांगड़ा में 3.4, मंडी में 5.2, बिलासपुर में 7.2, चंबा में 2.9, हमीरपुर में 6.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को मनाली में न्यूनतम तापमान -0.6 और केलांग में सबसे कम -8.7 डिग्री दर्ज किया गया।