फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सत्ता में आकर तय करेंगे सेब, आम, संतरे का समर्थन मूल्य : अमित शाह

Tue, 31 Oct 2017 09:59 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, डलहौजी/जवाली
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को चंबा के बनीखेत और कांगड़ा के जवाली में चुनावी जनसभाएं कीं। शाह ने कहा कि भाजपा 50 प्लस के लक्ष्य को पूरा करेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनाते ही सेब, आम और संतरे का समर्थन मूल्य तय किया जाएगा। 
विज्ञापन


प्रदेश को सॉफ्टवेयर हब बनाया जाएगा। माफिया राज और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में 24 घंटे की हेल्पलाइन शुरू की जाएगी।चुनावी जनसभाओं में शाह के निशाने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी रहे। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने कर्ज के पैसे का भी गबन किया है। यूपीए सरकार ने जमीन, आकाश और पाताल में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले किए। कांग्रेसी अब कश्मीर में आजादी के नारे लगा रहे हैं। हिमाचल की जनता बताएगी कि कांग्रेस को कैसी आजादी चाहिए। 
विज्ञापन

यूपीए सरकार ने 12 लाख करोड़ के घोटाले किए

शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार की बात आती है तो हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम शीर्ष पर आता है। प्रदेश सरकार के मुखिया सहित उनका सारा परिवार ही भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हो, उस प्रदेश का विकास भला कैसे हो सकता है। 

शाह ने कहा कि गुजरात जाकर राहुल बाबा मोदी सरकार के तीन साल का हिसाब मांग रहे हैं। यूपीए सरकार के 10 साल के कार्यकाल में स्वर्ग से लेकर पाताल तक 12 लाख करोड़ का घोटाला करने वाली कांग्रेस सरकार को उनसे हिसाब मांगने का कोई अधिकार नहीं है। 

हिमाचल की बहनें जब चूल्हा जलाती हैं तो कोयला रसोई के बाहर रखती हैं। इस कोयले को चोर भी हाथ नहीं लगाते लेकिन कांग्रेस नेताओं ने कोयला घोटाला तक कर डाला। मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल में एक पैसे का भ्रष्टाचार नहीं हुआ।
विज्ञापन

वीरभद्र सरकार ने लिया 20 हजार करोड़ का कर्ज

हर 15 दिन बाद मोदी सरकार नई योजना बना रही है। केंद्र सरकार ने गरीब-जवान और हर वर्ग के लिए 106 योजनाएं बनाईं मगर वीरभद्र सरकार ने इन योजनाओं को पात्र लोगों तक नहीं पहुंचने दिया ताकि मोदी सरकार की लोकप्रियता और न बढ़ जाए। 

उन्होंने कहा कि विकास के नाम 20 हजार करोड़ कर्ज लेकर वीरभद्र सरकार ने गबन कर लिए, जिसके लिए हिमाचल की जनता कभी माफ नहीं करेगी। शाह ने वीरभद्र को भूमिपूजन वाले मुख्यमंत्री की संज्ञा देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार कुछ काम करती तो लोकार्पण भी करती। 

भाजपा हिमाचल को मॉडल स्टेट बनाने का लक्ष्य लेकर चुनावी दंगल में उतरी है। शाह ने इस दौरान रोजगार सृजन, ई-टेंडरिंग कृषि विवि पालमपुर को केंद्रीय विवि में बदलने, सूबे के वीर जवानों, वन रैंक वन पेंशन योजना लागू करने का जिक्र भी किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पंजाब भाजपा अध्यक्ष और स्थानीय नेताओं ने भी संबोधन किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें