विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी नए हलके से ताल ठोकेंगे। हमीरपुर के बजाय धूमल इस बार सुजानपुर क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें सुजानपुर से चुनाव लड़ने को कहा है। दिल्ली में तीन दिनों तक चली भाजपा नेताओं की मैराथन बैठकों के बावजूद प्रत्याशियों के नामों की घोषणा न होने पर उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह तक औपचारिक एलान होने की संभावना है।
सभी प्रत्याशियों की घोषणा एकसाथ होगी। धूमल ने कहा कि सोमवार रात को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह फाइनल सूची को हरी झंडी दे सकते हैं।