अपना परिवार सुखी परिवार योजना की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : सोशल मीडिया
हिमाचल प्रदेश सरकार अपनी प्रमुख 'अपना परिवार सुखी परिवार योजना' के तहत 6, 7 और 8 अगस्त को राज्यभर में ब्लॉक स्तर पर जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विधायक करेंगे और इनमें ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चिन्हित सबसे गरीब परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अधिकतम 10 ग्राम पंचायतों का एक क्लस्टर बनाया जाएगा। इन जन संवाद कार्यक्रमों में गरीब परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति, सरकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग ने आठ चरणों के विस्तृत सर्वेक्षण के बाद प्रदेश में करीब 1.78 लाख अति गरीब परिवारों की पहचान की है। इनमें से लगभग 85 हजार परिवार ऐसे हैं, जो कभी भी बीपीएल सूची में शामिल नहीं हुए और न ही उन्हें राज्य सरकार की किसी कल्याणकारी योजना का लाभ मिल पाया।
उन्होंने कहा कि जन संवाद कार्यक्रमों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर सरकार इन परिवारों के लिए लक्षित योजनाएं तैयार करेगी और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी, ताकि पात्र परिवारों तक सरकारी सुविधाएं समय पर पहुंच सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 'अपना परिवार सुखी परिवार योजना' की घोषणा चालू वित्त वर्ष के बजट में की गई थी और अब इसे धरातल पर लागू किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना और प्रदेश के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने यह भी कहा कि सबसे गरीब परिवारों की पहचान पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ की गई है तथा संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया के लिए उत्तरदायी बनाया गया है।