अनुराग शर्मा ने प्रमाण पत्र हासिल करने के बाद पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की और फिर वह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भी मिले। बाद में वह मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। राजीव भवन में उनके निर्विरोध चुने जाने पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया गया। इस मौके पर अनुराग शर्मा ने कहा कि वह एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को अपना आदर्श बताया और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी का आभार जताया। यह उल्लेखनीय है कि 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ हर्ष महाजन को उम्मीदवार दिया था और कांग्रेस विधायकों से क्रॉस वोटिंग करवाकर और निर्दलियों का साथ लेकर यह सीट झटक ली थी।
हाईकमान ने मांगे थे चार जिला अध्यक्षों के नाम, राहुल ने अनुराग को चुना : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्यसभा सांसद के चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश से चार जिला अध्यक्षों के नाम मांगे थे, जिनमें से वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अनुराग शर्मा का चयन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग राज्यसभा चुनाव को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस के किसी नेता में कोई नाराजगी नहीं है। यही कारण है कि अनुराग शर्मा निर्विरोध सांसद निर्वाचित हुए हैं।
पर्यटन रहेगा अनुराग शर्मा की प्राथमिकता में
राज्यसभा के लिए सांसद चुने गए कांग्रेस के प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने कहा कि वह पर्यटन क्षेत्र से भी जुड़े रहे हैं। किसी भी राज्य की आर्थिकी में पर्यटन की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए केंद्र से परियोजनाएं लाने में हर प्रयास करेंगे। राजीव भवन शिमला में संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्हें लगा कि होली पर आया कॉल एक मजाक था। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश में पर्यटन, साहसिक पर्यटन, मेडिकल पर्यटन, बेहतर ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी और रेलवे विकास से जुड़े मुद्दे पार्लियामेंट और केंद्र सरकार के सामने उठाएंगे।