शत-प्रतिशत आधार पंजीकरण का लक्ष्य हासिल कर हिमाचल देश का छठा राज्य बन गया है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य ने यह लक्ष्य 2015 की जनसंख्या के आधार पर अर्जित किया है। प्रदेश में 72,52,880 लोगों के आधार नंबर पंजीकृत किए गए हैं। आधार पंजीकरण में दिल्ली, तेलंगाना, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ पहले पांच स्थानों पर हैं।
प्रवक्ता ने इस उपलब्धि को अर्जित करने के लिए प्रदेश के नागरिकों, सरकारी विभागों, सभी जिला अधिकारियों तथा इस मुहिम में सम्मिलित सभी लोगों का आभार जताया। भविष्य में इस शत-प्रतिशत उपलब्धि को कायम रखने के लिए प्रदेश में 0-5 वर्ष के आयुवर्ग के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से 780 टेबलेट तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से 250 टैबलेट प्रदान किए
गए हैं, जिससे नवजात शिशुओं का पंजीकरण किया जाएगा। कहा कि पांच वर्ष तथा 15 वर्ष के आयु के बाद आधार पंजीकरण के लिए बायोमीट्रिक अपडेशन अनिवार्य बनाया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग के पास खंड स्तर पर अपडेशन और पंजीकरण गतिविधियों के लिए 240 स्थायी पंजीकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं।
दुर्गम क्षेत्रों में शेष बचे नागरिकों और वृद्ध लोगों को पंजीकृत करने के लिए 22 आधार मोबाइल वैन भी संचालित की गई हैं। आधार संबंधी किसी भी जानकारी के लिए 0177-2626709 पर संपर्क किया जा सकता है। करीब छह महीने पहले केंद्र सरकार ने 0-5 और 5-15 आयु के बच्चों के आधार रजिस्ट्रेशन पर असंतोष जताते हुए सभी राज्यों को इसपर ध्यान देने को कहा था। इसके बाद हिमाचल सरकार ने भी सभी विभागों को इस ओर गंभीरता के साथ काम करने के निर्देश जारी किए थे।