डॉ. नीलम ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल की पहाड़ी धरती से करीब 250 महिलाएं अब देश की राजधानी दिल्ली में किसान परिवारों और ग्रामीण महिलाओं की आवाज को मंच देने के लिए जुटेंगी। भारतीय किसान संघ की ओर से 30 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में अखिल भारतीय महिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देशभर से महिला कार्यकर्ता और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगी। हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रही हैं।
किसान परिवारों में महिलाओं की भूमिका पर होगा मंथन
भारतीय किसान संघ किसानों के उत्थान, कृषि क्षेत्र के विकास और किसान हितों से जुड़े विषयों को लेकर देशभर में कार्य करता है। संगठन की गतिविधियों में किसानों की समस्याओं, कृषि की चुनौतियों, प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती और किसान परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति जैसे विषय शामिल हैं। सम्मेलन में महिला किसानों और ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी को भी प्रमुखता दी जाएगी। महिला कार्यकर्ता अपने अनुभव साझा करने के साथ-साथ कृषि और ग्रामीण जीवन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगी।
डॉ. नीलम ठाकुर और डिंपल ठाकुर करेंगी नेतृत्व
हिमाचल प्रदेश से सम्मेलन में भारतीय किसान संघ की प्रांत मंत्री डॉ. नीलम ठाकुर और प्रांत महिला प्रमुख डिंपल ठाकुर के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। सम्मेलन में महिला कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक भूमिका के अलावा कृषि, ग्रामीण जीवन, किसान परिवारों और महिला शक्ति की सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
'महिलाएं किसान परिवारों की महत्वपूर्ण आधारशिला'
डॉ. नीलम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल से बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि किसान परिवारों और ग्रामीण समाज में महिलाओं की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से किसान परिवारों के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
महिलाओं को मिलेगा अनुभव साझा करने का मंच
डिंपल ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय महिला कार्यकर्ता सम्मेलन देशभर की महिला कार्यकर्ताओं को एक मंच प्रदान करेगा। यहां महिलाएं अपने अनुभव साझा करने के साथ किसान परिवारों और ग्रामीण महिलाओं से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश से करीब 250 महिलाएं सम्मेलन में हिस्सा लेंगी।