फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: सैलानियों से हिल्सक्वीन शिमला गुलजार, होटलों में 80 फीसदी कमरे बुक

Sat, 15 Apr 2023 08:14 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

 शनिवार को भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे, जिससे शहर की पार्किंग पैक हो गईं। शहर के होटलों में 70 से 80 फीसदी तक कमरे बुक हैं।
विज्ञापन
सैलानियों से हिल्सक्वीन शिमला गुलजार - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वीकेंड पर शिमला में फिर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी है। शनिवार को भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे, जिससे शहर की पार्किंग पैक हो गईं। शहर के होटलों में 70 से 80 फीसदी तक कमरे बुक हैं। पिछले हफ्ते के बाद लगातार दूसरे वीकेंड पर शिमला सैलानियों से गुलजार रहा। समर टूरिस्ट सीजन के रफ्तार पकड़ने से शहर के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। मैदानी राज्यों में गर्मी बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। शुक्रवार से ही शिमला में सैलानियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। शनिवार सुबह से पर्यटक वाहनों का शिमला पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। दोपहर करीब दो बजे लिफ्ट पार्किंग पैक हो गई। इसके बाद संचालकों ने पार्किंग के एंट्री गेट पर पार्किंग फुल का बोर्ड लगाकर चेन लगा दी। नगर निगम की मेट्रोपोल और पर्यटन विकास निगम की ट्रिपल एच पार्किंग भी पैक हो गई। इसके बाद सैलानियों ने होटल हॉलीडे होम से लेकर बैम्लोई तक सड़क किनारे गाड़ियां पार्क कर दीं, जिस कारण जाम की समस्या पेश आई।

विज्ञापन


उधर, कार्ट रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी देर शाम तक सैलानियों की भारी भीड़ लगी रही। शनिवार को पूरे दिन रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों का तांता लगा रहा। रिज मैदान पर सैलानियों ने हिमाचल दिवस समारोह में प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी लुत्फ लिया। शिमला के अलावा साथ लगते पर्यटन स्थलों मशोबरा, नालदेहरा, कुफरी और नारकंडा में भी सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि समर टूरिस्ट सीजन की शुरुआत में ही वीकेंड पर सैलानियों की आवाजाही में बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

कुफरी, नारकंडा भी सैलानियों से गुलजार
वीकेंड पर शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा भी सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। शनिवार को कुफरी की महासू पीक और चीनी बंगला में सैलानियों का भारी हुजूम उमड़ा। अश्व पालक संघ कुफरी के अध्यक्ष संदीप वर्मा ने बताया कि पिछले दो हफ्तों से सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जिससे पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। नारकंडा होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रांत श्याम ने बताया कि होटल और होम स्टे के कमरों की एडवांस बुकिंग चल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें