संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दिवाली पर रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की महिला सदस्यों ने हिमगिरि बाल आश्रम में बच्चों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया। इस दौरान क्लब की सदस्यों ने बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।
इस सेवा कार्य के लिए क्लब की रोटेरियन शिवानी डोगर ने अपने पिता की स्मृति में 5100 रुपये की राशि सहयोग स्वरूप प्रदान की। इस राशि से आश्रम के बच्चों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष हरप्रीत सेंबी ने शिवानी डोगर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों की स्मृति में जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में प्रेम, अपनत्व और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस भविष्य में भी समाजसेवा के ऐसे कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की खुशियों में सहभागी बनने का प्रयास करता रहेगा। इस अवसर पर क्लब की सभी महिला सदस्य मौजूद रहीं।