नासिक से टमाटर की खेप एक माह पहले मंडियों में पहुंचने से टमाटर उत्पादकों की उम्मीदों को गहरा झटका लगा है। दो हजार रुपये टमाटर का 22 किलो का क्रेट सीधे 250 रुपये तक पहुंच गया है। इससे क्षेत्र के किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। टमाटर कम दामों पर बिकने से हजारों किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
मंडी जिले में बल्ह, नाचन, सुंदरनगर, करसोग, सराज और अन्य क्षेत्रों में आजकल टमाटर की फसल यौवन पर है, मगर 13 से 15 रुपये टमाटर के दाम मिलने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारी महेंद्र सिंह, हेम सिंह, भोला राम और हंसराज ने बताया कि नासिक का टमाटर हिमाचल के टमाटर पर भारी पड़ गया है।
इससे किसानों को उम्दा दाम नहीं मिल पा रहे हैं। 22 किलो की क्रेट 250 रुपये तक बिक रही है। नासिक का टमाटर आने से पहले किसानों का यही क्रेट दो हजार रुपये तक बिक रहा था। किसान होशियार सिंह, बलबीर सिंह, गुड्डू, देशराज, बंसी लाल, मित्र देव, महाल सिंह, परमा राम, देवेंद्र कुमार, मुरारी लाल और धर्मेंद्र ने बताया कि 250 रुपये तक क्रेट बिक रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
आलू के मिल रहे अच्छे दाम, उत्पादक खुश
इस बार आलू के दाम अच्छे मिल रहे हैं। क्षेत्र के आलू उत्पादकों में खुशी की लहर है। आलू के दाम प्रति किलो 25 रुपये तक किसानों को मिल रहे हैं। मटर के दाम भी 80 रुपये से घटकर 60 रुपये तक पहुंच गए हैं। हरा धनिया 60 रुपये तक प्रति किलो बिक रहा है। फ्रासबीन के दाम भी 20 रुपये प्रति किलो किसानों को मिल रहे हैं।