प्रदेश सरकार की ओर से विधायकों का वेतन बढ़ाने के बाद अब परिवहन निगम भी इन पर मेहरबान हो गया है। निगम की लग्जरी बसों में विधायकों और पूर्व विधायकों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। निगम की वीरवार को हुई बीओडी की बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी गई।
विधायक और पूर्व विधायक एक साल में 12 बार यानी महीने में एक बार इन बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। परिवहन निगम ने एचआरटीसी के 1578 चालकों और 350 टीएमपीए (परिचालक) के वेतन में 1500 रुपये तक बढ़ोतरी की है।
कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन 1 अप्रैल से मिलेगा। बैठक की अध्यक्षता परिवहन मंत्री जीएस बाली ने की। कहा कि अभी अनुबंध पर रखे परिचालकों को 4000 रुपये मासिक वेतन मिलता है। अब इसे 5500 रुपये किया है।
चालकों का वेतन भी बढ़ा, पीस मील वर्करों का भी बढ़ेगा
चालकों को 7200 रुपये की जगह 7700 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। इन कर्मचारियों को हर साल इंक्रीमेंट भी लगेगी। निगम ने चालकों-परिचालकों की कमीशन आधे से बढ़ाकर एक फीसदी कर दी है।
पीस मील वर्करों का वेतन बढ़ाने की तैयारी
परिवहन मंत्री ने पीस मील वर्करों के वेतन में भी बढ़ोतरी का आश्वासन दिया है। इसके लिए निगम ने कमेटी गठित की है। अभी इन कर्मचारियों को 2500 रुपये मिलते हैं। इनका मासिक वेतन 4000 रुपये किया जाएगा।
बैठक में ये भी फैसले लिए गए
इन तीन बस अड्डों के नाम बदले
बीओडी की बैठक में शिमला आईएसबीटी बस अड्डे का नाम प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी, सिरमौर बस अड्डे का नाम गुमान सिंह और चंबा बस अड्डे का नाम देसराज महाजन रखने का फैसला लिया गया। गुमान और देसराज एचआरटीसी के मंत्री रह चुके हैं।
शिमला में चलेंगी 30 नई मिनी बसें
30 नई मिनी बसें खरीदने को भी मंजूरी दी गई। ये बसें शिमला सर्कुलर रोड पर दौड़ेंगी और 27 से 30 सीटर होंगी।
हिमाचल में राजीव थाली योजना शुरू
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि हिमाचल में 25 रुपये राजीव गांधी थाली योजना शुरू की है। यह योजना ऊना, बिलासपुर, नाहन, नगरोटा बगवां, पालमपुर, चंबा और मंडी में शुरू की गई है। इसमें लोगों को एक सब्जी, दो चपाती और दाल मिलेगी।
ड्राइविंग स्कूलों के आधारभूत ढांचे को 5 करोड़
हिमाचल के पांच ड्राइविंग स्कूलों के लिए 5 करोड़ की स्वीकृति दी गई। स्कूलों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए यह पैसा खर्च किया जाएगा। बाली ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से यह मामला उठाया गया था।
इलेक्ट्रिक बसों के लिए टेंडर आमंत्रित
बीओडी की बैठक में इलेक्ट्रिक बसों को खरीदने की मंजूरी दी गई। मनाली से रोहतांग के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उसके बाद मैदानी इलाकों में भी लोगों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।