बहुचर्चित सिया हत्याकांड में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सरकाघाट की अदालत ने शुक्रवार को आरोपी विकास पटियाल को दोषी करार दे दिया। तीन माह तक चले ट्रायल में नौ गवाहों के बयान, हत्या में इस्तेमाल दराट की बरामदगी और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट महत्वपूर्ण साक्ष्य रहे। अदालत ने इन साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर विकास को दोषी ठहराया। सजा पर फैसला 13 नवंबर को होगा।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, बीते 13 अप्रैल को विकास ने दराट से हमला कर सिया गुलेरिया की सरेराह हत्या कर दी थी। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में मौके पर मौजूद चार गवाहों की गवाही महत्वपूर्ण रही। इसके अलावा सिया की चीखें सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को घटनास्थल से जाते हुए देखने के संबंध में भी बयान दिए। हथियार की बरामदगी और उस पर मिले खून के निशान व आरोपी के स्वेटर पर मिले खून मिलान फॉरेंसिक रिपोर्ट अभियोजन पक्ष में अहम रहे।