पुलिस भर्ती के सातवें दिन 179 पास कर पाए ग्राउंड टेस्ट
विज्ञापन
831 युवा आए थे ग्राउंड टेस्ट देने अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस भर्ती में ऊंची कूद और 100 मीटर दाैड़ में युवाओं की सांसें फूल रही हैं। दोनों बाधाओं को पार करने में सबसे अधिक अभ्यर्थी विफल हो रहे हैं। सोमवार को शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा में जिले के 1209 अभ्यर्थियों को रोल नंबर जारी किए थे। इसमें से 831 अभ्यर्थी ग्राउंड टेस्ट देने के लिए मैदान में पहुंचे। इसमें से महज 179 अभ्यर्थी ही ग्राउंड टेस्ट की सभी बाधाओं को पार कर पाए।
सबसे अधिक 296 अभ्यर्थी ऊंचीकूद में बाहर हुए हैं जबकि 100 मीटर दौड़ में 172 और 1500 मीटर दौड़ में 148 अभ्यर्थी फेल हो गए। इसके अलावा 27 अभ्यर्थी लंबाई कम होने, 5 अभ्यर्थी पंजीकरण में बाहर हो गए हैं। पुलिस भर्ती में भाग लेने के लिए सुबह पांच बजे ही भराड़ी मैदान में अभ्यर्थी पहुंचाना शुरू हो गए थे। सबसे पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के साथ ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद लंबाई की जांच के बाद ग्राउंड टेस्ट की विभिन्न बाधाओं को लेकर प्रशिक्षण शुरू हुआ। भर्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है। इसके अलावा संदेह होने पर डोप टेस्ट की सुविधा भी रखी है। एक अप्रैल से शुरू होने वाली भर्ती प्रक्रिया 11 अप्रैल तक चलेगी। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस भर्ती में सातवें दिन 179 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें पारदर्शिता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।