पांच कैलाशों में से एक श्रीखंड कैलाश यात्रा पर अगर आप जाना चाहते हैं तो इस बार यह विचार छोड़ दें। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण इस बार की श्रीखंड यात्रा को बंद करने के साथ साथ प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रशासन के मुताबिक रोक के बावजूद चोरी छिपे श्रीखंड यात्रा जाने और मंगलवार को पार्वती बाग और श्रीखंड में बारिश और बर्फबारी के बाद जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली है कि कुछ लोग जंगलों के रास्ते से थाचडु के लिए रवाना हो गए है।
इसके बाद भी श्रद्धालु गए तो हमारी नहीं जिम्मेदारी
प्रशासन ने रेस्क्यू टीम को सभी श्रद्धालुओं को रोकने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी अगर कोई श्रीखंड यात्रा पर जाता है तो उसका जिम्मेवार वह स्वयं होगा।
इधर, एसडीएम रामपुर दलीप नेगी ने भी बताया कि ज्यूरी वाले रास्ते पर श्रीखंड जाने पर पूर्ण रोक है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस रास्ते कोई यात्रा पर न जाएं।
हालांकि प्रशासन बुधवार को बैठक कर यात्रा से रोक हटाने के बारे निर्णय लेने की बात कर रहा है। लेकिन मौसम को देखते हुए श्रीखंड यात्रा फिर से शुरू होना संभव नहीं लग रही है।
28 ग्लेशियरों से होकर गुजरना पड़ रहा
18 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित श्रीखंड महादेव की यात्रा के दौरान इस बार हर मोड़ पर मौत से सामना हो रहा था। इसका कारण मौसम का खराब होना है।
यात्रा के दौरान करीब 28 छोटे-बड़े ग्लेशियर जान पर खेल कर पार करने पड़ रहे थे। हालांकि, प्रशासन ने श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन वह नाकाफी रहे।