प्रदेश सरकार के अफसरों द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर शिक्षकों को स्कूल आने के आदेशों पर राजकीय अध्यापक संघ बिफर गया है। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने इसका कड़ा विरोध जताया है। वीरेंद्र चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सभी शिक्षण संस्थानों को 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को भी छुट्टी की बात शनिवार को कही थी।
अब शिक्षा उपनिदेशक या अन्य अधिकारी कैसे निर्णय ले सकते हैं कि शिक्षकों को स्कूल आना होगा। चौहान ने कहा कि कुछ अफसरों ने शिक्षा मंत्री के बयान के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली कि शिक्षकों को छुट्टी नहीं होगी। इससे अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। वीरेंद्र चौहान ने कहा कि संघ शिक्षा मंत्री से मांग करता है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं विभाग से शिक्षकों की छुट्टियों के स्पष्ट आदेश जारी करने के निर्देश दें। उन्होंने कहा कि ज्यादातर शिक्षक अपने परिवार के साथ घर चले गए हैं।