हेरिटेज कमेटी ने रेलवे बोर्ड को रिपोर्ट सौंपकर मांगा जवाब, पूछा यह बदलाव किन मानकों के आधार पर किए यूनेस्को हेरिटेज टीम ने भी मरम्मत कार्यों पर जताई है आपत्ति
विभाग ने भूस्खलन के बाद कई जगह कराया है मरम्मत कार्य
भारती शर्मा
शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर 2023 से 2025 तक हुई बरसात से हेरिटेज का स्वरूप बदल गया है। इस पर यूनेस्को हेरिटेज टीम ने भी आपत्ति जताई है। इसका खुलासा टीम की ओर से नवंबर 2025 में किए सर्वे की रिपोर्ट में हुआ है। हेरिटेज कमेटी ने रिपोर्ट की कॉपी रेलवे बोर्ड को दी है और जवाब मांगा है कि यह बदलाव किन मानकों के आधार पर किए गए।
रिपोर्ट के अनुसार क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के दौरान कई स्थानों पर संरचनाओं को उनके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित नहीं किया जा सका। रिपोर्ट के अनुसार कालका-शिमला रेल ट्रैक पर क्षतिग्रस्त हुए कई पुलों के पुनर्निर्माण में पारंपरिक लकड़ी और पत्थर के गार्डर के स्थान पर स्टील तथा लोहे के गार्डर का इस्तेमाल किया है। इससे रेलवे लाइन की मूल स्थापत्य पहचान प्रभावित हुई है। इसमें समरहिल स्थित पुल संख्या-800 भी शामिल है। इसमें लगभग 40 मीटर लंबे इस पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से में 20 मीटर लंबा लोहे का गार्डर लगाया है। करीब 30 टन वजनी इस गार्डर के ऊपर रेल पटरी बिछाकर यातायात बहाल किया है। गार्डर का पूरा भार कंक्रीट संरचना पर आधारित है जो मूल निर्माण शैली से अलग है। वहीं डंगे पुरानी ईंटों की जगह नई ईंटों से तैयार कर दिए हैं गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते कालका-शिमला रेलवे ट्रैक के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए थे। कई ऐतिहासिक पुलों और डंगों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था।
विज्ञापन
रेल सेवाएं प्रभावित होने के बाद रेलवे प्रशासन ने यातायात शीघ्र बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य कराए थे। विश्व धरोहर रिपोर्ट में कहा है कि आपात परिस्थितियों में किए गए पुनर्निर्माण कार्यों के दौरान कई स्थानों पर मूल स्थापत्य शैली और पारंपरिक निर्माण तकनीकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा सका। इससे रेल मार्ग की ऐतिहासिक और वास्तु विरासत पर प्रभाव पड़ा है।
कोट
बरसात के दौरान कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर 34 जगह भूस्खलन हुआ था जिसमें समरहिल में स्थित ब्रिज नंबर 800 पूरी तरह से खत्म हो गया था। यह पहले आर्च ब्रिज था वहीं टूटने के बाद इसे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गार्डर ब्रिज बनाया गया। कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर सभी सेक्शनों को हेरिटेज के रूप में ही मेंटेन करने का प्रयास किया जा रहा है।