उधर, अच्छी बारिश-बर्फबारी से किसान-बागवान गदगद हैं। मंगलवार को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, जबकि मैदानों में झमाझम बारिश हो रही है। सोलन शहर में छह साल बाद बर्फ गिरी। कुल्लू-लाहौल में 200 से ज्यादा और चंबा में 108 सड़कें बंद हो गई हैं। चंबा जिले के 145 ट्रांसफार्मर ठप हैं। लाहौल में जिला मुख्यालय केलांग को छोड़कर पूरी घाटी में ब्लैक आउट है।
दूरसंचार सेवा ठप है। मंडी की सराज, नाचन व बरोट घाटी, कांगड़ा का मुल्थान व छोटा भंगाल, सिरमौर का नौहराधार, चूड़धार, हरिपुरधार, सोलन का चायल, चंबा का भरमौर, पांगी, किहार और ऊपरी इलाके अलग-थलग पड़ गए हैं। कुल्लू का मनाली से संपर्क कट गया है। राजधानी शिमला का रामपुर, रोहड़ू, किन्नौर से संपर्क कट गया है। रोहड़ू उपमंडल के 80 फीसदी गांवों में बिजली गुल है। कुल्लू के सैंज के दो दर्जन गांव और कल्पा, पूह खंड के आधा दर्जन गांव अंधेरे में हैं।
कहां कितनी बर्फबारी
रोहतांग 100 सेमी
शिकारी देवी 65 सेमी
खड़ापत्थर 60 सेमी
कुफरी 60 सेमी
जाखू 55 सेमी
मुलथान 55 सेमी
शिमला 45 सेमी
सांगला 32 सेमी
सोलंगनाला 30 सेमी
मनाली 15 सेमी
कसौली 12 सेमी
न्यूनतम तापमान
केलांग -8.6
कल्पा -2.4
कुफरी -2.1
मनाली -1.2
डलहौजी -1.8
शिमला 0.7
धर्मशाला 2.8
कहां कितनी बारिश
गमरूर में 62, धर्मशाला में 47, गुलेर में 45, बलद्वाड़ा में 42, कसौली में 41, गगल में 40, नयना देवी में 32, सरकाघाट में 31, जोल में 30, अंब में 27, हमीरपुर 23 और ऊना में 22 मिलीमीटर बारिश हुई है।
ये हाईवे बंद
शिमला-चंडीगढ़
शिमला-बिलासपुर
कुल्लू- मनाली
औट-लूहरी
चंबा- भरमौर
शिमला-किन्नौर
कुफरी में लखनऊ के 74 बच्चे फंसे
लखनऊ से शैक्षणिक भ्रमण पर आए 74 बच्चे और स्टाफ कुफरी में फंस गया है। इन बच्चों को जिला प्रशासन ने आर्मी और गलू के होटलों में सुरिक्षत ठहराया है। सड़क मार्ग बहाल होने पर ही इन्हें कुफरी से निकाला जाएगा। भारी बर्फबारी के चलते लोग घरों में और घूमने आए हजारों सैलानी होटलों में कैद हो गए हैं।
शिमला में आपात स्थिति में यहां करें फोन
जिला प्रशासन के दूरभाष नंबर 1077 पर आपात स्थिति में सहायता और कोई भी जानकारी ली जा सकती है।
प्रदेश में 25 तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 25 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। 26 से धूप खिलने का पूर्वानुमान है।
हिमखंड गिरने से भागा नदी में बनी झील, बर्फीले तूफान में फंसे लोग
केलांग/उदयपुर। लाहौल के तांदी संगम से 500 मीटर दूर हिमखंड गिरने से भागा नदी का बहाव रुक गया है। पानी ने झील का आकार ले लिया है। हालड़ा उत्सव मना कर कुछ लोग टोकटोकचा के समीप बर्फीले तूफान में फंसे रहे। कुछ घंटों बाद लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे। जसरथ गांव के समीप भी सोमवार रात दारा नाला की पहाड़ी से हिमखंड गिरा। इससे चंद्रभागा नदी का पानी 18 घंटे से बंद है। उपायुक्त का कार्यभार देख रहे एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है।
सीएम ने बर्फ में पैदल चल लिया हालात का जायजा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी बारिश और बर्फबारी के बीच सुबह सचिवालय पहुंच गए। उन्होंने दोपहर को अधिकारियों के साथ बर्फ के बीच पैदल चलकर हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने रास्ते में आम लोगों और पर्यटकों से बातचीत भी की और अधिकारियों को सड़क, बिजली, पानी बहाली के निर्देश दिए।
बर्फबारी के बीच लाहौल में भूकंप के 12 झटके
केलांग/उदयपुर। बर्फबारी के बीच लाहौल घाटी में मंगलवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। उदयपुर क्षेत्र में 12 झटके होने की नायब तहसीलदार कर्म सिंह ने पुष्टि की है। शाम 4:04 बजे सबसे तेज झटका लगा। भारी बर्फबारी के बीच भूकंप के कारण लोग दहशत में हैं। सुरेश ने बताया कि झटके इतने तेज लगे कि लोग डर से घरों के बाहर निकल आए। मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे, सात बजे, नौ बजे, ग्यारह बजे, साढ़े बारह बजे, दोपहर एक बजे, तीन बजकर 54 मिनट और अंतिम झटका शाम चार बजे के करीब महसूस किया है। ब्यूरो
आज बंद रहेंगे चंबा के स्कूल
चंबा शहर में सात साल बाद बर्फबारी हुई है। जिले में बर्फबारी के चलते प्रशासन ने बुधवार को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। मंगलवार को भी छुट्टी दे दी गई थी।