हिमाचल प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश के कारण शिमला, चंबा, सोलन, सिरमौर और कुल्लू के सभी शैक्षणिक संस्थानों में सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में शिमला, चंबा, सोलन, कुल्लू और सिरमौर के उपायुक्तों ने आदेश जारी कर दिए हैं।
शिमला, सोलन, चंबा, कुल्लू और सिरमौर में सभी सरकारी, निजी और कॉन्वेंट स्कूल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्नीक और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। वहीं लोगों को भी नदी नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी गई है।
बता दें कि, रेड अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात से बारिश हो रही है। शनिवार को पालमपुर में बंदला की पहाड़ियों पर बादल फटने से न्यूगल और बनेर खड्ड में बाढ़ आ गई।
इससे बंदला के ओम बिजली संयंत्र में छह कर्मचारी फंस गए जिन्हें पुलिस और होमगार्ड ने बचाया। कुल्लू के पतलीकूहल में ब्यास नदी में फंसे दो ट्रक चालकों को भी बचाया गया। चंबा में 15 शिक्षकों को सुरक्षित निकाला गया।