हिमाचल में मानसून पहुंचने से पहले ही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। सोमवार को किन्नौर जिले की रोपा पंचायत के थोरोपा में सिंचाई करते हुए भूस्खलन की चपेट में आकर एक महिला मलबे में दब गई। करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव मलबे से निकाला गया।
सिरमौर के रेणुका में दुनोई पुल के पास चलती कार पर चट्टान गिरने से 22 साल के युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पालमपुर-धर्मशाला वाया नगरी सड़क पर बरथरी खड्ड नगरी में बनी बाईपास पुलिया बह गई है।
मंडी जिले में भारी बारिश से मंडी-जोगिंद्रनगर एनएच करीब चार घंटे ठप रहा। खलिहार के समीप नाले में पानी आने से सुबह करीब पांच बजे यातायात बाधित हो गया और सैकड़ों वाहन फंस गए। रामनगर, टारना मोहल्ला में पानी लोगों के घरों में घुस गया।