अस्पताल में 12 डायलिसिस मशीनें की जानी हैं स्थापित, स्टाफ किया तैनात
अस्पताल प्रबंधन ने कंपनी को कहा, जल्द ही आरओ प्लांट लगाकर लगाएं मशीनें
अभी तक किडनी मरीजों को झेलनी पड़ रही परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में किडनी मरीजों को दो सप्ताह में डायलिसिस की सुविधा मिल जाएगी। इसके लिए अस्पताल में आरओ प्लांट स्थापित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अस्पताल प्रबंधन ने आरओ प्लांट लगाने का कार्य कंपनी को दिया है। साथ ही कंपनी को इसी सप्ताह कार्य पूरा करने के लिए कहा है ताकि डायलिसिस की सुविधा शुरू की जाए। आरओ प्लांट लगाने के बाद डायलिसिस मशीनें अस्पताल में स्थापित होंगी। 12 मशीनें अस्पताल प्रबंधन के पास आ चुकी हैं। आरओ प्लांट लगते ही इन्हें स्थापित करने का काम शुरू हो जाएगा। वहीं, अस्पताल में तकनीकी स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है।
अभी तक किडनी से संबंधित मरीजों को अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा नहीं मिल पाती थी। ऐसे में मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में किडनी मरीजों को डायलिसिस करवाने के लिए मजबूरी में आईजीएमसी और निजी क्लीनिकों के धक्के खाने पड़ते हैं। गौर रहे कि किडनी मरीजों को अब सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में शिफ्ट कर दिया है। अब किडनी से संबंधित मरीजों को जांच करवाने के लिए चमियाना जाना पड़ता है, लेकिन मरीज काफी परेशान होते हैं। अस्पताल में जांच के बाद मरीजों को डायलिसिस करवाने के लिए कहा जाता है, लेकिन यूनिट न होने से दिक्कतें पेश आती हैं। अगर मरीज अन्य जिले के अस्पतालों में डायलिसिस का लाभ लेना चाहे तो वहां पहले से ही वेटिंग रहती है। मजबूरी में महंगे दाम पर डायलिसिस करवाना पड़ता है।
इनसेट
नहीं शुरू हुई बेहतर व्यवस्था
सोहन, मनीष, विशाल, कांता समेत अन्य मरीजों ने कहा कि चमियाना में अस्पताल तो सरकार ने शुरू कर दिया है लेकिन व्यवस्थाओं को पूरा नहीं किया है। महत्वपूर्ण विभागों को आईजीएमसी से चमियाना शिफ्ट करने के बाद से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डायलिसिस सुविधा तक शुरू नहीं हो सकी है। केवल नाम के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाया गया है। दूसरी ओर अस्पताल काफी दूर है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को पहुंचाना भी मुश्किल भरा हो जाता है।
कोट...
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। दो सप्ताह में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके लिए कंपनी को आरओ लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। डायलिसिस मशीनों को इसके बाद स्थापित किया जाएगा। मशीनें अस्पताल में आ गई हैं।
-डॉ. सुधीर शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना