आईजीएमसी में स्वास्थ्य मंत्री को टेस्ट रिपोर्ट के लिए आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मंत्री ने देरी का कारण पूछा तो प्रबंधन की ओर से कहा गया कि वरिष्ठ डॉक्टर के रिपोर्ट देखने और हस्ताक्षर के बाद ही रिपोर्ट मिलेगी। जवाब सुनने के बाद मंत्री भी हतप्रभ नजर आए।
आजकल आईजीएमसी प्रबंधन और विभागों के वरिष्ठ डॉक्टरों के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। इसका खामियाजा इलाज करवाने आए स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार को भी भुगतना पड़ा है।
हालांकि अब तक केवल मरीज ही परेशान हो रहे थे, लेकिन मंत्री के सामने भी पोल खुल गई। सुबह स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार आईजीएमसी आए। डॉक्टरों ने उनके टेस्ट किए। स्थिति यह हो गई है कि कई बार तो मरीजों के टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं या फिर देरी से किए जा रहे हैं। अब मंत्री भी इस स्थिति से पूरी तरह वाकिफ हो गए हैं।