स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने बैठक की अध्यक्षता की।
- फोटो : संवाद
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने सोमवार को बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य और श्रम एवं रोजगार विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक चिकित्सा खंड में अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य क्षेत्र के सभी विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन अस्पतालों की क्षमता 50 से 100 बिस्तरों की होगी। प्रदेश में चिकित्सा महाविद्यालय के साथ-साथ धर्मशाला, किन्नौर, बिलासपुर, ऊना, सोलन, मनाली, मंडी और कुल्लू स्थित अस्पतालों में 50 बिस्तरों की क्षमता के क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित किए जाएंगे। स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतरीन आपातकालीन स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगीं।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू होगी। इसके तहत पहले चरण में चंबा, नाहन और नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रत्येक में एक रोबोटिक शल्य चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। कहा कि आधुनिक तकनीक युक्त स्वास्थ्य देखभाल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 5जी तकनीक का उपयोग किया जाएगा। कैंसर पीड़ितों के लिए मॉडल कैंसर केयर सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिनमें आईजीएमसी में मॉडल कैंसर केयर सेंटर भी शामिल हैं। श्रम मंत्री ने कहा कि जिले में प्रवासी मजदूरों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा इनके रिहायशी क्षेत्रों में टीबी और अन्य रोगों के लिए स्वास्थ्य जांच करवाई जाएगी।
100 दिन चलने वाले अभियान के तहत मधुमेह, रक्तचाप जैसे असंक्रमित रोगों की जांच के लिए घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में मातृ एवं शिशु देखभाल के लिए 11 मातृ एवं शिशु संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें पांच संस्थान खोले जा चुके हैं तथा छह संस्थानों का निर्माण कार्य जारी है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. गोपाल बेरी और श्रम आयुक्त मुकेश रेपस्वाल ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विभाग की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (एचडीएमए) के साथ विचार-विमर्श भी किया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंघल, एएसपी नरेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. राजन उप्पल, प्रदेश कांग्रेस उप कोषाध्यक्ष मदन लाल चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।
15 दिनों में शुरू करेंगे रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया: डॉ शांडिल
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े पदों को लेकर सरकार चिंतित है। इन पदों को भरने के लिए 15 दिन में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रदेश के हर छोटे-बड़े स्वास्थ्य संस्थान में कम से कम 80 फीसदी पैरा मेडिकल स्टॉफ पूरा हो इसके लिए भी कोशिश की जाएगी। इसे लेकर सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से ब्यौरा मांगा गया है। सोमवार को पत्रकारों के पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ के पद खाली पड़े हैं। इसको लेकर सरकार गंभीर है। स्वास्थ्य मंत्री कहा कि वह अस्पतालों में गरीबों को मुफ्त व बेहतर दवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, क्योंकि देखने में आ रहा है कि कुछ अस्पतालों में इलाज करवा रहे गरीब लोगों को दवाइयां खरीदने में मुश्किल हो रही है।