फोन करने के लिए उमड़े लोग।
- फोटो : संवाद
जिला मुख्यालय कुल्लू को छोड़ कर मनाली, लाहौल, मणिकर्ण व बंजार घाटी में दूर संचार सेवाएं पूरी तरह से ठप हैं। वहीं बिजली नहीं होने से पर्यटकों व लोगों के फोन शोपीस बन गए हैं। सोमवार को अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू में फोन रिचार्ज करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मनाली, मणिकर्ण, बंजार के साथ कई इलाकों में फंसे पर्यटक अपने रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे भी दो दिन से ठप है।
इसके अलावा लोग जिला अस्पताल, निजी दुकानों जहां जनरेटर की सुविधा है दिन भर लोग फोन चार्जिंग के लिए पहुंचते रहे। जिला के मनाली, मणिकर्ण व बंजार के पर्यटन स्थलों में फंसे हजारों पर्यटकों को भी परेशान होना पड़ा। ऐसे में वह अपने घर वालों को भी अपने सुरक्षित होने की सूचना नहीं दे पा रहे हैं। वहीं उनका हाल जानने के लिए जम्मू, यूपी, दिल्ली सहित कई राज्यों से अपनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और वह जिला मुख्यालय कुल्लू फोन कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने कहा कि जल्द ही दूरसंचार सेवा को बहाल कर दिया जाएगा।