हिमाचल के जिला सिरमौर में गिरिपार को जनजातीय दर्जा दिलाने के लिए एकजुट हाटी समाज ने मंगलवार को अपने हक के लिए सड़क पर उतरकर रैली निकाली। इस दौरान केंद्र को भेजी गई रिपोर्ट से राजगढ़ उपमंडल की 19 पंचायतों को बाहर करने का विरोध किया गया।
रैली के बाद एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन भेजकर 19 पंचायतों को दोबारा शामिल करने की गुहार लगाई गई। रैली से पहले हाटी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान की अध्यक्षता में बैठक भी की गई। इस दौरान समिति के मुख्य सलाहकार चंद्रमोहन ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में 19 पंचायतों को जनजातीय अध्ययन संस्थान की ओर से गलत तथ्यों के आधार पर बाहर किए जाने पर रोष जताया गया। समिति के सदस्यों ने इस मामले में संघर्ष की राह अपनाने का संकल्प भी लिया। तय किया गया कि 25 से 27 दिसंबर तक सभी 19 पंचायतों में जाकर पंचायत स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा। दस जनवरी को राजगढ़ में सम्मेलन किया जाएगा।
पंचायत प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद वीरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री से मिलने दिल्ली जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर, महामंत्री विजय भारद्वाज, राजेंद्र ठाकुर, रणजीत सिंह, बलदेव हाब्बी, रमेश वर्मा, रामकृष्ण, शकुंतला चौहान, रीना ठाकुर, दिनेश आर्य, शेर सिंह ठाकुर, चेतराम ठाकुर और वेद प्रकाश ठाकुर आदि मौजूद रहे।
साजिश के तहत बाहर कीं पंचायतें
समिति के मुख्य सलाहकार चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा कि रिपोर्ट में 19 पंचायतों को एक सोची समझी साजिश के तहत बाहर किया गया है। उन्होंने कहा कि इसे सिरे चढ़ाने के लिए सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने स्तर पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार है और केंद्र में भाजपा की सरकार। इसमें कांग्रेस को हिमाचल में रिपोर्ट को ठीक करने के लिए काम करना चाहिए जबकि केंद्र में भाजपा के नेताओं को इसका जिम्मा सौंपा गया है।