एचएएस परीक्षा में टॉपर रहे अमित कलथाईक
- फोटो : अमर उजाला
राज्य लोकसेवा आयोग ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं (एचएएस) की संयुक्त परीक्षा 2019 का परिणाम घोषित कर दिया है। एचएएस परीक्षा में टॉपर रहे शिमला जिले चौपाल के बोधना गांव के अमित कलथाइक ने कहा कि लक्ष्य पाने के लिए मेहनत लगातार जारी रखे और प्रयासों में कमी न आने दें। प्रशासनिक सेवाओं में जाने पर प्रयास रहेगा कि प्रशासन और आम आदमी के बीच की दूरी कम की जाए, जिससे सरकार की कल्याणकारी योजना का लाभ आम जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने सफलता का श्रेय बैंक से सेवानिवृत्त पिता राजेश्वर सिंह कलथाइक, सेवानिवृत्त माता नर्सिंग ट्यूटर मीरा कथाईक और अपनी बहन डॉ. हिमानी सिंह को दिया है। कहा कि हमेशा इन्होंने आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके शिक्षक भूषण रोहटा ने उनका हमेशा परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन किया। अमित ने तीन साल की कड़ी मेहनत के बाद यह मुकाम हासिल किया। इसके लिए दिल्ली से कोचिंग ली। अमित दो बार मेन्स तक पहुंचे और तीसरी बार में सफलता हासिल की। उधर, अमित ने बारहवीं तक कि पढ़ाई 2013 में राजधानी के सेंट एडवर्ड स्कूल से पूरी की। इसके बाद बीटेक जेपी यूनिवर्सिटी सोलन से 2017 में पूरी की।