आर्टिस्ट एसोसिएशन के कार्यक्रम में दी शानदार प्रस्तुति
आठ एनजीओ को आर्टिस्ट एसोसिएशन ने किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन की 68वीं अखिल भारतीय नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिता का समापन गेयटी के गौथिक हॉल में हुआ। समारोह में हार्मनी ऑफ पाइन्स ग्रुप ने प्रस्तुति देकर खूब रंग जमाया।
एसोसिएशन ने प्रदेश के आठ एनजीओ संगठनों को उनके असाधारण योगदानों के लिए सम्मानित भी किया गया। सम्मान पाने वालों में हार्मनी ऑफ पाइन्स ग्रुप, सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट, मैत्री संस्था, हस्तपा संस्था, कमांडर नरेश कुमार, अमित भाटिया, दलीप शर्मा और अरविंद कुमार शामिल रहे। हार्मनी ऑफ पाइन्स ग्रुप ने कार्यक्रम में वंदे मातरम, मेरा हिमाचल और कच्चे धागे गाने गाकर वाहवाही बटोरी। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अभिनेता रोहिताश्व गौड़, उपाध्यक्षा रेखा गौड़ ने इनकी खूब सराहना की। वहीं कालीबाड़ी हॉल में नृत्य स्पर्धा में कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर वाहवाही बटोरी। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल शनिवार को नृत्य एवं नाट्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
गेयटी में किया नाटकों का मंचन
गेयटी थियेटर नाटकों का मंचन किया गया। इसमें पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। इस दौरान भाव आर्ट्स फिल्म एंड थिएटर एसोसिएशन ने आज का काबुली और एकेएस अबोहर ने घर गुम है नाटक का मंचन किया। इसके अलावा मानसी अभिनय गुरुकुल, अर्पण कलाकेंद्र गुरुर, सेंटर फॉर थिएटर एंड फिल्म, एक्टर्स फैक्ट्री सहित मासूम आर्ट ग्रुप ने नाटकों का मंचन किया।