हनुमान जयंती पर जाखू मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ आया। सुबह पांच बजे से देर शाम आठ बजे तक हजारों श्रद्धालुओं ने पवन पुत्र हनुमान के दर्शन किए। शनिवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए।
इसके बाद भगवान की पूजा अर्चना हुई। हनुमान जयंती पर जाखू मंदिर को सुंदर फूलों से सजाया था। सुबह साढ़े सात बजे हनुमान जी की आरती हुई। आरती में शहर के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
आरती के बाद करीब आठ बजे से मंदिर में जलेबी के स्टॉल लगाए गए और उसके बाद भंडारा शुरू हो गया। सुबह नौ बजे के बाद भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। दस बजे तक दर्शन को गर्भ गृह से जाखू प्रबंधक कार्यालय तक लंबी कतारें लग गई।
शहर के स्थानीय लोगों के अलावा भारी संख्या में सैलानियों ने भी मंदिर में पूजा अर्चना की। मंदिर में दिन भर भजन कीर्तन का क्रम जारी रहा। मंदिर में ‘मंगल मुरति राम दुलारे, आन पड़ा अब तेरे द्वारे’ और जय राम जय श्रीराम भजन गूंजते रहे।
वैकल्पिक मार्ग बनेंगे
मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को मंदिर आने वाली सड़क में अक्सर लगने वाले जाम की समस्या से अवगत करवाया।
ट्रस्ट के सदस्य अतुल गौतम ने बताया कि प्रतिभा सिंह ने इस मांग को मुख्यमंत्री के माध्यम से हल करने का आश्वासन दिया। स्टेट बैंक की ओर से हनुमान जयंती पर मंदिर को आठ बैंच भी भेंट किए।
पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी हनुमान जयंती पर जाखू मंदिर पहुंची। एसडीएम शहरी जीसी नेगी ने भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। आरती में भगवान को सवा क्विंटल का रोट, हलवे और बदाने का भोग लगाया गया।
भक्तों ने खाई जलेबी
जाखू मंदिर में हनुमान जयंती पर भंडारे के साथ जलेबी के स्टॉल भी लगाए गए थे। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे के साथ जलेबियों का भी जमकर लुत्फ उठाया।
जाखू मंदिर में हनुमान जयंती पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। एसडीएम शहरी जीसी नेगी ने बताया कि मुख्य गेट से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की थी।
टैक्सियों में रही भीड़
हनुमान जयंती पर रिट्स से जाखू के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्पेशल टैक्सियां चलाई गई। टैक्सियों में आने जाने के लिए दिनभर लोगों की भारी भीड़ लगी रही। शाम के समय बारिश होने पर लोग टैक्सियों में रवाना हुए।