अर्थी लेकर जा रहे लोगों पर गिरी गोशाला की दीवार।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के ख्याह गांव में अंतिम संस्कार के लिए अर्थी लेकर जा रहे लोगों पर गोशाला की दीवार गिर गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लाया गया। बीते दिन गांव के वीरेंद्र कुमार की मौत हुई थी। मंगलवार को ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशानघाट ले जा रहे थे।
इस दौरान गांव के रास्ते से गुजरते समय अर्थी लेकर चले लोगों पर गोशाला की दीवार गिर गई। इस हादसे में गांव के विपन शर्मा, शशि शर्मा, ऋषि शर्मा, मुकेश और रमेश घायल हो गए। घायलों में तीन लोगों ने अर्थी का उठाया था जबकि दो लोग साथ में चले थे। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक देशराज शर्मा ने बताया कि पांच लोग मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार के लिए आए थे। उन्हें हल्की चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चले गए हैं।