आरोपी के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। जिला पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आदतन नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मुहिम के तहत पुलिस ने एक और आदतन अपराधी को तीन महीने के लिए जेल भेज दिया है। इसके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं।
आरोपी की पहचान टिक्कर निवासी अनुज चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने गृह विभाग से मंजूरी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस अब तक पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत 43 आदतन नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस के अनुसार नशा तस्करी में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों के विरुद्ध पीआईटी एनडीपीएस एक्ट की धारा 3 (1) के तहत कठोर निरोधात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इसी क्रम में टिक्कर निवासी अनुज चौहान के विरुद्ध प्रस्तावित कार्रवाई को हिमाचल प्रदेश सरकार से मंजूरी मिलने के बाद विधिवत डिटेंशन आदेश जारी किए गए। आदेशों के अनुपालन में 22 जुलाई को आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और उसे आदर्श कारागार कंडा भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, अनुज चौहान का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा रहा है। इसके खिलाफ वर्ष 2014 में कंडाघाट थाना में सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज था। वर्ष 2023 और 2024 में रोहड़ू तथा जुब्बल-कोटखाई थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 में उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत भी एक मामला दर्ज किया था। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों, अपराध की पुनरावृत्ति की प्रवृत्ति और नशा तस्करी में सक्रिय भूमिका को देखते हुए उसके विरुद्ध पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।