अभिभावकों ने पुलिस से की शिकायत, दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
विज्ञापन
दुकानदारों के नाम भी शिकायत पत्र में शामिल संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के ऑकलैंड और लक्कड़ बाजार क्षेत्र में स्कूल से सटी दुकानों में बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इस क्षेत्र कई निजी और सरकारी स्कूल हैं जिनमें रोजाना हजारों बच्चे आवाजाही करते हैं।
बच्चों को तंबाकू उत्पाद गुटखा, खैनी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ बेचे जाने से परेशान अभिभावक अब पुलिस के पास पहुंच गए हैं। कई अभिभावकों ने एक लिखित शिकायत पत्र लक्कड़ बाजार पुलिस को सौंपा है। इनमें उन दुकानों के नाम भी दिए हैं जो बच्चों को सरेआम तंबाकू उत्पाद बेच रहे हैं। इन पर नियमों का उल्लंघन कर तंबाकू उत्पाद बेचने के भी आरोप हैं। अभिभावकों का आरोप है कि कई दुकानदार स्कूलों के पास ही खुलेआम तंबाकू उत्पाद बेच रहे हैं। नियमानुसार स्कूल से सौ मीटर की दूरी तक तंबाकू उत्पाद नहीं बेच सकते। दूसरा नाबालिग बच्चों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचे जा सकते। अभिभावकों ने मांग है कि दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। अभिभावकों ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि कई दुकानदार मिलावटी और एक्सपाइरी सामग्री भी बच्चों को बेच रहे हैं।
विज्ञापन
अभिभावकों का कहना है कि इस क्षेत्र में ऑकलैंड हाउस, डीएवी लक्कड़ बाजार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लक्कड़ बाजार, चैप्सली और कई कोचिंग शिक्षण संस्थान चल रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस को अवगत करवाया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस को शिकायत देने वालों में विकास जमालटा, निरिक्षा चौहान, अभय सूद, विजय कुमार गुप्ता, मीनू ठाकुर, संजय सूद, कामिनी मेहता, विभा राज्टा, शामी गुलेरिया, ध्रुव सांवत और अंशुल भारद्वाज का कहना है कि यदि सात दिन के भीतर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो अभिभावक उच्च अधिकारियों के पास जाने को मजबूर होंगे।
स्कूलों के पास नशा बेचने पर होगी कार्रवाई : गुप्ता
लक्कड़ बाजार कारोबारी एसोसिएशन का कहना है कि स्कूलों के आसपास बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों पर सख्ती की जाएगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल गुप्ता के कहा कि स्कूली बच्चों को सिगरेट या अन्य तंबाकू उत्पाद नहीं बेचे जा सकते। यदि पाबंदी के बावजूद कुछ दुकानदार ऐसा कर रहे हैं तो यह चिंताजनक है। अभी तक उनके पास ऐसी शिकायत नहीं आई है। अभिभावकों ने यदि पुलिस को इसकी शिकायत दी है तो कारोबारी एसोसिएशन इस पर कार्रवाई करेगी। ऐसा करने वाले दुकानदारों पर सख्ती की जाएगी।