पहाड़ी क्षेत्र में साइकिल पर पैंतालीस किलोमीटर की दूरी महज 2:43 घंटे में पूरी कर ऊना के छात्र ने इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में यंगेस्ट बाइसिकल राइडर ऑन हिल्स का खिताब जीत लिया है। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना में अध्यनरत गुरदेव ठाकुर ने ऊना से बड़सर के बीच 45 किमी की दूरी सिर्फ 2:43 घंटे में तय की।
उनकी इस उपलब्धि पर इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने गुरदेव को यंगेस्ट बाइसिकल राइडर ऑन हिल्स का खिताब दिया है। गुरदेव रोजाना ऊना से रायपुर मैदान तक प्रैक्टिस करने जाते हैं। अब उनका अगला लक्ष्य ऊना से दिल्ली तक साइकिलिंग का है। 8वीं के छात्र गुरदेव को डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल अतुल महाजन ने रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र सौंपा।
गुरदेव चार साल की उम्र से साइकिलिंग कर रहे हैं। उन्हें साइकिलिंग के साथ-साथ रोलर स्केटिंग का भी शौक है। वह रोलर स्केटिंग में सीबीएसई के राष्ट्रीय खेलों में पांचवां स्थान हासिल कर चुके हैं। गुरदेव के पिता राजकुमार ठाकुर ने बताया कि बेटे ने पहले लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड के लिए भी अप्लाई किया था। लेकिन लिम्का बुक ने गुरदेव की उम्र 17 साल होने का हवाला देते हुए नाम दर्ज नहीं किया।
उसके बाद गुरदेव ने 2019 में इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड के लिए अप्लाई किया। दिल्ली में सारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद गुरदेव ने जुलाई में ऊना से बड़सर तक 45 किमी तक साइकिलिंग की। इसमें गुरदेव को सबसे युवा साइकिल राइडर होने का खिताब मिला है। गुरदेव ने बताया कि अब उसकी गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड के लिए अप्लाई करने की योजना है।