गुड़िया दुष्कर्म और हत्याकांड में विशेष अदालत का फैसला आने पर कांग्रेस के शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से किए पोस्ट में कहा कि नीलू चिरानी को आजीवन कारावास सीबीआई की गलत तफ्तीश का नतीजा है। असली आरोपी बिना कानून के डर के आज भी खुले घूम रहे हैं। उन्होंने लिखा-गरीब पर मार, असली गुनहगार हैं फरार। सीबीआई से अच्छी तफ्तीश तो कोटखाई पुलिस कर लेती।
वीरभद्र सिंह सरकार ने गुड़िया को न्याय दिलवाने के लिए सीबीआई को जांच सौंपी, पर सीबीआई गलत तफ्तीश करते हुए गरीब चिरानी को फंसा गई। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे फैसले का सम्मान और स्वागत करते हैं, पर देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी की तफ्तीश से परिजन संतुष्ट नहीं है। इस मामले में जो लोग जांच के घेरे में आने चाहिए थे, नहीं आए।