बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए हिमाचल पहली पसंद बन गया है। इसका कारण प्रदेश की फिल्मों की शूटिंग के लिए बनी सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली काफी हद तक जिम्मेदार है। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश की पर्वतमालाओं और बर्फ से ढके पहाड़ों की वजह से बॉलीवुड के सितारे और निर्माता-निर्देशक हिमाचल खिंचे चले आते हैं।
राज्य के सहयोग से विदेशी फिल्म निर्माताओं के लिए परिचय यात्राओं की सुविधा भी प्रदान की जा सकती है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करने के नजरिये से फिल्म स्टूडियो की स्थापना की संभावनाओं की भी तलाश कर रही है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे।
साथ ही राज्य सरकार शिमला, कुल्लू व धर्मशाला में स्थित हवाई पट्टिओं के विस्तार व स्तरोन्नयन पर भी विचार कर रही है। प्रदेश में अब तक कई फिल्मों की शूटिंग की गई है। जैसे बैंग बैंग, ब्लैक, देव डी, हाईवे, जब वी मेट, लुटेरा, लव इन शिमला, राज द मिस्ट्री कन्टीन्यूस जैसी फिल्में बन चुकी हैं।
फिल्म निर्माताओं की इसी रुचि को देखते हुए ही सरकार ने भी प्रदेश में निर्माताओं की शूटिंग में मदद के लिए एक सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली स्थापित की है, जिससे शूटिंग की अनुमति, भवनों से संबंधित अनुमति, कानूनी व्यवस्था संबंधित मामलों व उपकरणों की आवाजाही की अनुमति शीघ्र प्राप्त की जा सके।
सूचना एवं जन संपर्क विभाग को राज्य में फिल्मों की शूटिंग से संबंधित अनुमतियों को जारी करने के लिए नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि पर्यटन विभाग को भी विभिन्न अनुमतियों के लिए नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है।