उबड़-खाबड़ रास्तों में कल से साइकिलिंग का रोमांच देखने को मिलेगा। 26 सितंबर को शिमला के रिज मैदान से एमटीबी हिमालय साइकिल रैली शुरू होगी। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस बार रेस आठ की बजाय छह स्टेज में होगी।
17 देशों के सौ प्रतिभागी अलग अलग वर्ग में हिस्सा लेंगे। इसमें 90 पुरुष और दस महिला प्रतिभागी होंगे। हस्तपा के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि सात दिन तक चलने वाली रैली बीड़ बिलिंग तक चलेगी।
साइकिल सवार पहाड़ी रास्तों, नदी, नालों और ढलानों को पार करते हुए कुल 470 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। अलग-अलग वर्ग में विजेता रहने वाले पायलटों को कुल बारह लाख के नकद पुरस्कार और ट्राफियां दी जाएंगी।
मोहित सूद ने बताया कि इस रेस में विदेशों के नामी पायलट हिस्सा ले रहे हैं। बातचीत करते हुए प्रतिभागी कैथरीन विलियम ने बताया कि वे इस रेस में पांचवीं बार खिताब जीतने का प्रयास करेंगी।
पर्यटन विभाग की ओर से दिनेश गुलेरिया ने सभी प्रतिभागियाें को शुभकामनाएं दी। 27 सितंबर को डाक बंगला से रेस का पहला चरण शुरू होगा और तीन अक्तूबर को बीड़ बिलिंग में छठी स्टेज पूरी होगी।