जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत काम करने में हिमाचल देश के सभी राज्यों में सबसे आगे है। हिमाचल में जल जीवन मिशन के तहत 1.6 लाख नलके लगाने का लक्ष्य हासिल किया जा सका है। मिशन के तहत योजना पर चार सौ करोड़ की राशि व्यय की जा चुकी है। जलशक्ति विभाग के छह जिलों में मिशन के तहत काम की प्रगति की समीक्षा करने के बाद मंत्री ने कहा कि अगस्त 2022 तक 4.5 हजार करोड़ खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है।
इससे पहले छह जिलों के अधिकारियों की बैठक पहले चरण में ली गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों में हर घर को नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 15 अगस्त को मिशन की शुरूआत की थी। इसके बद हिमाचल में सितंबर में मिशन के तहत नलके उपलब्ध कराने का काम शुरू किया था। उनका कहना है कि केंद्र सरकार के लक्ष्य के अनुसार गांवों में हर घर में तय समय में नलके उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।