अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम से हुई बहसबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच अतिक्रमण के खिलाफ ढिलाई बरतने के बाद अब नगर निगम ने फिर सख्ती दिखाई है। लोअर बाजार में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने 10 तहबाजारियों का सामान जब्त किया। इनमें ऐसे दुकानदार भी शामिल थे जिन्होंने दुकानों के बाहर सड़क पर सामान सजा रखा था।
कार्रवाई के दौरान तहबाजारियों और निगम कर्मचारियों के बीच बहसबाजी भी हुई। निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि लोअर बाजार को नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। ऐसे में यहां सड़क पर दुकानें नहीं सजाई जा सकतीं। मंगलवार को नियमों को ताक पर रखकर दुकानों के बाहर सामान सजाया था। इससे बाजार में पैदल चलने वाले लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को संकरे रास्तों और भीड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा था।
नगर निगम इससे पहले भी बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई कर चुका है। इस दौरान तहबाजारियों को हटाने के साथ दुकानदारों को भी दुकानों के बाहर सामान न सजाने के निर्देश दिए थे। कार्रवाई के बाद कुछ समय तक बाजार के रास्ते खुले रहे लेकिन धीरे-धीरे फिर से पहले जैसे हालात बनने लगे। दुकानों के बाहर सामान सजने से रास्तों पर अतिक्रमण बढ़ गया था। लोगों का कहना है कि लोअर बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम को नियमित निगरानी करनी होगी। केवल कार्रवाई तक सीमित रहने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नगर निगम का कहना है कि आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जब्त किया गया सामान जुर्माना चुकाने के बाद ही लौटाया जाएगा।