हिमाचल के सिरमौर जिले के शिलाई इलाके में शादी के नाम पर बेटियों के सौदों में और खुलासे होने लगे हैं। पता चला है कि शिलाई ही नहीं पूरे ट्रांसगिरि इलाके में बिचौलिये सक्रिय हैं। ये दोनों परिवारों के बीच में रिश्ते बनाने की कड़ी का काम करते हैं।
मोटी रकम ऐंठ कर लड़कियों की शादियां बाहरी राज्यों में करवाते हैं। ज्यादातर मामले आपसी रजामंदी से होते हैं, इसलिए पुलिस तक नहीं पहुं पाते। ‘अमर उजाला’ में मामला उठाने के बाद अब प्रशासन के पास भी बिचौलियों की शिकायतें पहुंचने लगी हैं।
भोले-भाले एवं गरीब तबके के लोगों को सुहावने सपने दिखाकर यह बेटियों की शादियां करवाते हैं। एसडीएम शिलाई राजीव शुक्ला ने माना कि बिचौलियों की सक्रियता को लेकर शिकायतें आ रही हैं लेकिन फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।
इधर, एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि शादी के नाम पर तस्करी का मामला गंभीर है। इस पर गहनता से जांच होगी। इलाके में कोई बिचौलियों का गिरोह सक्रिय है या नहीं, इसकी भी जांच चल रही है।
रेणुका मेले से भी दो लड़कियां भगाने का प्रयास
9 से 14 नवंबर के बीच हुए अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के दौरान शिलाई की दो युवतियों को हरियाणा के कुछ युवक अपनी कार में बैठाकर रेणुका से शिलाई लेकर आए। शाम के समय शिलाई बाजार में भीड़ के बीच दोनों युवतियां उनकी कार से उतरकर कहीं निकल गई।
हरियाणा के युवकों ने आनन-फानन में बाजार में घूम रही दो अन्य युवतियों को जबरन अपनी कार में बैठाने की कोशिश की। लड़कियों के विरोध करने पर बाजार के लोगों और शिमला-शिलाई राजधानी एक्सप्रेस बस की सवारियों ने उतरकर उनकी जमकर धुनाई कर उन्हें शिलाई पुलिस के हवाले कर दिया।
शिलाई थाना प्रभारी दूलोराम ने पुलिस अधीक्षक सिरमौर सौम्या साम्बशिवन को बताया कि नामजद आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दोनों युवतियों ने रेणुका मेले में अपनी तबियत खराब होने की बात कहकर उनसे शिलाई घर छोड़ने का आग्रह किया था जिसके चलते वह शिलाई पहुंचे। युवकों ने बाद में लड़कियों को पहचानने से इंकार कर दिया। अन्य लड़कियां भगाने की कोशिश जैसी बात सामने नहीं आई है।
आज शिलाई पहुंचेंगी महिला आयोग की अध्यक्ष
मामले की छानबीन एवं स्टेटस रिपोर्ट जानने के लिए महिला आयोग की अध्यक्ष जैनब चंदेल शिलाई आ रही है। वह लगभग दो बजे शिलाई पहुंचेंगी। यहां आकर वह बेटियों की शादी एवं ड्राप आउट हुई लड़कियों के मामलों की प्रशासन से स्टेटस रिपोर्ट लेंगी।
शासन ने डीजीपी से मांगी रिपोर्ट
उधर, शासन ने शिलाई में बेटियों की सौदेबाजी के मामले में डीजीपी से रिपोर्ट तलब कर ली है। प्रधान सचिव प्रबोध सक्सेना ने बताया कि मामले में डीजीपी से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिलाई में भी धुने थे हरियाणवी
शिलाई में रेणुका उत्सव के दौरान भी स्थानीय लोगों की भीड़ ने हरियाणा के चार युवाओं को बुरी तरह से पीट दिया था। आरोप था कि यह चारों बस स्टैंड से लड़कियों को भगाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, पुलिस में पहुंचने के बाद यह मामला महज मारपीट का रहा।
न तो हरियाणा के युवकों ने कोई एफआईआर दर्ज करवाई और न ही लड़कियों और उनके परिजनों की ओर से। बहरहाल, इस मामले को भी बाहरी राज्यों में हो रही शादियों से जोड़कर देखा जा रहा है। इसमें सच्चाई है या नहीं, यह तो पुलिस जांच के बाद ही पता चल सकेगा।