शिमला के साथ लगते कोटखाई में बघाल सड़क पर हुए एक हादसे में युवती की मौत हो गई है।
शिमला के साथ लगते कोटखाई में बघाल सड़क पर सोमवार सुबह एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे पिकअप दोगड़ा गांव से चमैन बाजार की तरफ आ रही थी। इसी बीच जीप चमैन के पास सड़क से करीब 400 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले कुछ लोगों ने चालक को कोटखाई अस्पताल पहुंचाया। यहां से चालक को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया। हालांकि चालक की पहचान नहीं हो पाई है।
मृतक की पहचान प्रीति (17) पुत्री प्रताप, निवासी दोगड़ा, कोटखाई के रूप में हुई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से निकाला। कोटखाई अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।