चंबा जिला के जनजातीय उपमंडल भरमौर के गौरफटा गांव में रविवार को चाय बनाते समय एक युवती अचानक झुलस गई है। युवती को उपचार के लिए भरमौर अस्पताल लाया गया था।
लेकिन यहां उसकी हालत नाजुक होने के बाद चिकित्सकों ने युवती को चंबा रेफर कर दिया। युवती की पहचान सोनम पुत्री राजकुमार निवासी गौरफटा भरमौर के रूप में हुई है। सोनम दस जमा एक में पढ़ती है।
हादसे के बाद पुलिस को दिए बयान में युवती के पिता राजकुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सोनम को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे चाय बनाने के लिए कहा था।
जब सोनम घर की निचली मंजिल में चाय बनाने के लिए आई तो कुछ देर बाद अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगी। जब वे दौड़कर कमरे में पहुंचे तो आग ने युवती को घेर रखा था। उन्होंने किसी तरह आग को बुझाकर घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने फिलहाल, पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। हादसे के बाद युवती बेहोश है और उसके बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। मामले की पुष्टि एएसआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।