महिलाओं को यूको आरसेटी दिलाएगा केक-पेस्ट्री, बेकरी, बिस्किट, चाउमीन बनाने का प्रशिक्षण
विज्ञापन
मशोबरा में 20 जनवरी से शुरू होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए अब उन्हें फास्ट फूड का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मकसद महिलाओं को घर के पास कारोबार शुरू करने में मदद देना है। महिलाएं अपने घर के पास सड़क किनारे मोमो, बर्गर और पानी पूरी के स्टॉल खोल सकेंगी।
महिलाओं को यह प्रशिक्षण यूको आरसेटी द्वारा दिलाया जाएगा। इस साल प्रथम चरण में यह प्रशिक्षण मशोबरा में 20 जनवरी से शुरू होगा। यूको आरसेटी की निदेशक तान्या शर्मा और समन्वयक प्रवीन शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम यूको आरसेटी 31 जनवरी तक आयोजित करेगा जोकि 12 दिन तक चलेगा। महिलाओं को यह प्रशिक्षण निशुल्क दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को केक-पेस्ट्री, बेकरी, बिस्किट, चाउमीन, पानी पूरी और बर्गर बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण यूको बैंक और एसआरएलएम के संयुक्त अभ्यास से चलाया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रवेश लेने के लिए महिलाओं की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसमें बीपीएल से संबंधित प्रार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, अनुसूचित जाति और जनजाति श्रेणी से जुड़े प्रार्थियों सहित मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को भी प्रशिक्षण में प्राथमिकता दी जाएगी। इस बारे महिलाएं अधिक जानकारी के लिए 98054-75837, 0177-2629896, 8261009645 दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं। गौरतलब है कि आजकल फास्ट फूड का काम पहले की अपेक्षा बढ़ा है। हर रोज एक स्टॉल संचालक एक से दो हजार रुपये फास्ट फूड बेचकर कमा लेता है। कुछ स्टॉल संचालक ऐसे भी हैं जिनकी कमाई हजारों रुपये दिन की है। ऐसे में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के लिए काफी लाभदायक साबित होगा।